Tuesday, 27 December 2011

FLASH BACK 2001_JANUARY-FEBUARY

NATIONAL POLITICAL
मंहगाई से साल की शुरुआत
साल की शुरुआत ही महंगाई के साथ हुई.. दिल्ली के थोक बाजार में प्याज की कीमतों ने आसमान छूना शुरु कर दिया....दिल्ली खुदरा बाजार में प्याज की कीमत 40 से 60 रूपये किलो थी...तो वहीं महंगाई की दूसरी मार बैंकों ने दी...एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक समेत देश के कई प्रमुख बैंकों ने अपनी लेंडिंग और डिपॉजिट दरों में 1% की बढ़ोतरी कर दी...इसके साथ ही इसी दिन सीएनजी के दाम भी बढ़ गए।
सिटीबैंक फ्रॉड: हीरो ग्रुप का संजय गुप्ता गिरफ्तार
गुड़गांव के सिटीबैंक घोटाले के सिलसिले में पुलिस ने हीरो कॉर्पोरेट सर्विसेज के एवीपी और सीएफओ संजय गुप्ता को गिरफ्तार किया । गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया गया जहां उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया । इस धोखाधड़ी के मुख्य आरोपी शिवराज पुरी के कहने पर संजय गुप्ता ने कंपनी का पैसा सिटीबैंक में लगवाया और इसके बदले उसे मोटा कमीशन भी मिला।
साल का पहला सूर्यग्रहण
साल का पहला सूर्यग्रहण चार जनवरी को पड़ा, सूर्यग्रहण के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं और साधु-संतों ने पवित्र गंगा में डुबकी लगाई। सूर्य ग्रहण के कारण मंदिरों में देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को भी स्नान कराया गया और नए वस्त्र धारण कराए गए
2जी घोटाला: 2001 से सीबीआई जांच शुरू
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने 2जी स्पेक्ट्रम मामले की जांच के लिए आरंभिक जांच दर्ज की । इसके तहत सीबीआई ने 2001 से मामले की आरंभिक जांच शुरू कर दी । सीबीआई ने पीई में कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच शुरू की ।सीबीआई जांच कर रही थी कि 2001 में एनडीए सरकार ने स्पेक्ट्रम अलॉटमेंट के लिए 'पहले आओ पहले पाओ' की जो नीति बनाई थी, उसका पालन किया जा रहा था या नहीं। सीबीआई ने उन तमाम मीटिंग के मिनिट्स की जांच की जिसे तमाम तत्कालीन संचार मंत्रियों ने अटेंड किया था।
2G स्पेक्ट्रम घोटाले में केंद्र और 11 कंपनियों को नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व टेलिकॉम मिनिस्टर ए. राजा के कार्यकाल के दौरान आवंटित किए गए 2 जी स्पेक्ट्रम लाइसेंस को रद्द करने के लिए दायर की गई याचिका पर केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया । सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र के साथ 11 कंपनियों को भी नोटिस जारी किया। इन कंपनियों पर स्पेक्ट्रम आवंटन के लिए जरूरी शर्तों को पूरा नहीं करने का आरोप था। याचिका में ट्राई को भी प्रतिवादी बनाए जाने के कारण सुप्रीम कोर्ट ने उसको भी नोटिस जारी किया ।
वायुसेना में तीन अहम नियुक्तियां
एयर मार्शल के.जे. मैथ्यूज ने परमाणु हथियारों की जिम्मेदारी देखने वाले एसएफसी का दायित्व संभाल लिया । उधर, एयर मार्शल एन. के. ब्राउन भी वायुसेना के वाइस चीफ बन गए । पश्चिमी मोर्चे पर तैनात एक महत्वपूर्ण हमलावर कोर के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. सिंह को अब इस कोर का जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ नियुक्त किया गया ।
भारतीय वायु सेना में शामिल हुआ स्वदेशी 'तेजस
भारत में स्वनिर्मित और कई प्रकार की भूमिकाएं निभाने में सक्षम लड़ाकू विमान 'तेजस' आईओसी मिलने के साथ ही भारतीय वायु सेना में शामिल हो गया। इसके साथ ही भारत हल्के लड़ाकू विमान  बनाने वाले दुनिया के गिने-चुने देशों की श्रेणी में शामिल हो गया। रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने रक्षा और शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में भारतीय वायु सेना  के एयर चीफ मार्शल पी. वी. नाइक को दुनिया के इस सबसे छोटे सैन्य लड़ाकू विमान का सेवा प्रमाण पत्र प्रदान किया।

सुप्रीम कोर्ट का फरमान

सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया कि पत्नी की रजामंदी के बगैर पति किसी बच्चे को गोद लेता है तो ये अवैध है भले ही वह गोद लेने के समारोह में दर्शक के तौर पर मौजूद ही क्यों न हो। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि गोद लेने की वैध प्रक्रिया को साबित करने के लिए याचिकाकर्ता को पत्नी की रजामंदी के दस्तावेज भी पेश करने होंगे वरना हिंदू दत्तक पुत्र एवं भरण-पोषण कानून 1956 की धारा 7 के मुताबिक ये प्रक्रिया अवैध मानी जाएगी।

बांदा रेप केस में फंसा BSP विधायक
सीबी-सीआईडी ने बांदा रेप केस की शुरुआती जांच पूरी की। इसमें पाया गया कि बीएसपी के विधायक पुरुषोत्तम नरायण द्विवेदी ने किशोरी के साथ रेप किया था और उसे चोरी के झूठे केस में फंसाया। सीबी-सीआईडी को इस मामले की जांच का आदेश मुख्यमंत्री मायावती ने दिया था।
यूपी में छ महीने में रजिस्‍ट्री कराने का आदेश
आवंटन के छह महीने के अंदर प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री कराना यूपी सरकार ने अनिवार्य कर दिया। हालांकि प्रॉपर्टी का पूरा पैसा जमा करने का प्राधिकरण से तीन साल का समय मिला । शासन ने साफ कर दिया कि अगर आवंटी ने प्रॉपर्टी आवंटन के छह महीने के अंदर रजिस्ट्री नहीं कराई तो उसे डीएम द्वारा तय प्रॉपर्टी के सर्कल रेट के हिसाब से स्टांप शुल्क देना होगा। जो 20 से 50 प्रतिशत तक होगा।
असीमानंद 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेजे गए
2007 के समझौता एक्सप्रेस ब्लास्ट मामले में प्रमुख आरोपी स्वामी असीमानंद को एक अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। दक्षिणपंथी हिन्दू संगठन अभिनव भारत के इस सदस्य के वकील ने बताया कि एनआईए ने अदालत में कहा कि उसे आरोपी को और हिरासत में रखने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उसने जांच पूरी कर ली है। हालांकि, एनआईए ने असीमानंद का बयान रेकॉर्ड करने के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आवेदन दिया।
3जी ऑपरेटरों को विडियो कॉलिंग सेवा की अनुमति
सरकार ने 3जी सेवा में कुछ शर्तों के साथ विडियो कॉलिंग की अनुमति दे दी। सरकार ने कहा कि अगर ऑपरेटर ये आश्वासन दें कि वो इस साल 31 जुलाई तक इन सेवाओं की निगरानी के लिए प्रणाली उपलब्ध कराएंगे, तो वे विडियो कॉलिंग सेवा शुरू कर सकते हैं। इससे पहले सरकार ने तीसरी पीढ़ी की मोबाइल सेवाएं दे रही कंपनियों से विडियो कॉलिंग सेवाएं रोकने को कहा था। सुरक्षा एजेंसियों ने इस बात पर चिंता जताई थी कि विडियो कॉलिंग सेवा को तत्काल पकड़ने की प्रणाली ऑपरेटरों के पास नहीं है।
ढोल की थाप पर मनाई लोहड़ी
देश भर में लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। देश भर में लोहड़ी की काफी धूम देखने को मिली। लोगों ने तिल और फुल्लों से लोहड़ी की पूजा की। इसके बाद रेवड़ी और मूंगफली बांटी गई। सबने मिल-जुलकर एक दूसरे को बधाइ दी। ढोल की थाप पर लोग जमकर झूमे। नए युवा जोड़ों में काफी उत्साह देखा गया।.
मनमोहन कैबिनेट में फेरबदल
केंद्र की मनमोहन सरकार के विस्तार में 3 राज्यमंत्री को प्रमोट करके कैबिनटे मंत्री का दर्जा दिया गया ...और बेनी प्रसाद वर्मा नए स्वतंत्र प्रभार वाले राज्यमंत्री बनाए गए । कांग्रेसी नेता अश्विनी कुमार, युवा नेता के.सी. वेणुगोपाल को राज्य मंत्री के रूप में मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया । किसी भी मंत्री की छुट्टी नहीं हुई लेकिन कई के मंत्रालय बदल दिए गए।
मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी शुरू
एमएनपी सुविधा से देश भर में मोबाइल सेवा के ग्राहकों को अपना मौजूदा नंबर सरेंडर किए बिना किसी भी दूसरे ऑपरेटर की सेवाएं लेने की सुविधा मिल गई.... इससे पहले यदि कोई ग्राहक अपने मोबाइल सेवा के ऑपरेटर से संतुष्ट नहीं था तो उसे दूसरे ऑपरेटर की सेवाएं लेने पर मौजूदा नंबर भी छोड़ना पड़ता था। इससे ग्राहक को अपने सिम कार्ड में रजिस्टर फोन नंबरों से भी हाथ धोना पड़ता था।
येदियुरप्पा के खिलाफ मुकदमे की इजाजत
राज्यपाल हंसराज भारद्वाज ने मुख्यमंत्री बी एस येदयुरप्पा के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी... इससे पहले राज्यपाल ने कर्नाटक सरकार के उस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था जिसमें मुख्यमंत्री के खिलाफ केस चलाने की अनुमति न देने को कहा गया था। बाद में गवर्नर ने येदयुरप्पा और गृह मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में केस करने की अनुमति दे दी।
RBI ने बढ़ाईं ब्याज दरें, महंगे हो सकते हैं लोन
आरबीआई ने अपनी त्रैमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करते हुए मौलिक ब्याज दरों में 25 बेसिस पॉइंट यानी चौथाई फीसदी तक इजाफा कर दिया। इजाफे के बाद होम कार और एजुकेशन लोन समेत हर तरह के इएमआई पर असर पड़ने की आशंका जताई जाने लगी ....
राजेश तलवार पर कोर्ट में हमला
गाजियाबाद कोर्ट में आरुषि - हेमराज मर्डर केस की सुनवाई के लिए जा रहे आरुषि के पिता राजेश तलवार पर एक शख्स ने फरसे से हमला कर दिया...जैसी ही आरुषि के पिता राजेश तलवार कोर्ट परिसर में दाखिल हुए उत्सव नाम के युवक ने उनके चेहरे पर वार कर दिया। हमला करने वाले युवक को पकड़ लिया गया .... ये वही शख्स था जिसने रुचिका छेड़छाड़ मामले में दोषी , हरियाणा के पूर्व डीजीपी एस . पी . एस . राठौर पर अदालत परिसर में हमला किया था।
लाल चौक पर कड़ा पहरा, बीजेपी कार्यकर्ता-अलगाववादी अरेस्ट, राजघाट पर बीजेपी नेताओं का धरना
गणतंत्र दिवस पर श्रीनगर के लालचौक पर झंडा फहराने की कोशिश कर रहे बीजेपी के 6 कार्यकर्ताओं को अरेस्ट कर लिया गया। बीजेपी के इन कार्यकर्ताओं को लालचौक से कुछ ही दूरी पर अरेस्ट किया गया। कश्मीर जा रहे अपने नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में बीजेपी कार्यकरकर्ताओं ने दिल्ली में राजघाट पर उपवास और धरना दिया।
करमापा के मठ से 6 करोड़ की विदेशी मुद्रा बरामद
पुलिस ने 17वें करमापा उग्येन त्रिनले दोरजे से जुड़े ट्रस्ट पर छापे के दौरान छह करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा बरामद की....पुलिस ने करमापा के कुछ सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया...छापे में चीन, ताइवान, जापान, साउथ कोरिया, ब्रिटेन, अमेरिका समेत 25 देशों की मुद्रा बरामद हुई...
13 'आदर्श' आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
आदर्श घोटाले की गाज राज्य के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों सुशील कुमार शिंदे, विलासराव देशमुख और अशोक चव्हाण पर गिरी । इस बीच सीबीआई ने बॉम्बे हाई कोर्ट को बताया कि उसने आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाले के मामले में 13 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जस्टिस बी.एच. मार्लापाल्ले और जस्टिस यू.डी. साल्वे की खंडपीठ ने मामले के एक आरोपी और शहरी विकास विभाग के पूर्व उपसचिव पी.वी. देशमुख की याचिका भी खारिज कर दी।
गिरफ्त में आया घोटालों का राजा
2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने पूर्व टेलिकॉम मिनिस्टर ए. राजा और उनके दो साहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया । इन पर स्पेक्ट्रम आवंटन में कुछ टेलिकॉम कंपनियों को बेजा लाभ पहुंचाने के लिए अपने पद का दुरुपयोग करने और टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी करने का आरोप था। राजा को उनके भाई ए. के. पेरूमल से पूछताछ के एक दिन बाद गरफ्तार किया गया । पेरूमल से अक्टूबर 2007 से जनवरी 2008 के बीच स्पेक्ट्रम हासिल करने वाली कंपनियों कें संगठनों में कथित तौर पर पूंजी लगाने के बारे में पूछताछ की गई ।
करमापा मठ की जमीन अब सरकार के नाम
हिमाचल प्रदेश सरकार ने तिब्बती धर्मगुरु करमापा के निवास स्थान का मालिकाना हक अपने नाम कर लिया। हालांकि, अधिकारियों ने संपत्ति पर कब्जे की संभावना से इंकार किया । उप जिला अधिकारी सहित राजस्व अधिकारियों के एक दल ने ग्यूतो तांत्रिक विश्वविद्यालय और मठ की जमीन को सरकार के नाम करने की औपचारिकताएं पूरी कीं। इनका निर्माण वर्ष 2000 के पहले किया गया।
2जी मामले की जेपीसी से जांच की घोषणा
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने लोकसभा में कहा कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए सरकार जेपीसी के गठन के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार से जेपीसी के गठन की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध करते हुए कहा, 'इस विशेष परिस्थिति में उनकी सरकार विशेष जेपीसी के गठन के लिए तैयार हुई है।' उन्होंने कहा कि विपक्ष की जेपीसी गठित करने की मांग को लेकर संसद के शीतकालीन सत्र में कोई महत्वपूर्ण कामकाज नहीं हो पाया था।
गोधरा कांड साजिश में 31 दोषी
गोधरा स्टेशन के पास साबरमती एक्सप्रेस में आग लगाने की घटना को साजिश मानते हुए स्पेशल कोर्ट ने 94 आरोपियों में से 31 को दोषी करार दिया । कोर्ट ने 63 को इस मामले से बरी कर दिया। मौलवी सईद उमरजी को इस घटना का प्रमुख आरोपी माना जा रहा था, लेकिन अदालत ने उन्हें बरी कर दिया। कोर्ट ने माना कि साबरमती के एस 6 कोच को जलाया जाना एक सुनियोजित हमला था। कोर्ट ने हत्या और साजिश रचने के आरोप में 31 लोगों को दोषी पाया।
लोकसभा में रेल बजट पेश
रेल मंत्री ममता बनर्जी ने रेलवे बजट में पश्चिमी यूपी में 2 लोकल ट्रेनों को चलाकर लोगों की प्रॉब्लम को कुछ कम करने का प्रयास किया । 100 नई ट्रेनों को चलाने का प्रावधान बजट में किया गया । रेल बजट पर पैसेंजर्स ने मिलीजुली प्रतिक्रिया व्यक्त की।
संसद में आम बजट पेश
वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी ने वित्त वर्ष 2011-12 के लिए संसद में जो बजट पेश किया ....उसमें जे़वर सस्ते होंने की बात कही गई। वहीं, कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल, एलईडी टीवी, हवाई यात्रा और रेडीमेड कपड़े मंहगे हुए। सर्विस पर कस्टम ड्यूटी, एक्साइज ड्यूटी और सर्विस टैक्स आदि में फेरबदल किए जाने से जिन वस्तुआ के दाम कम हुए उनमें फ्रीज, कृषि मशीनरी, कागज, सीमेंट, बैटरी से चलने वाली गाडि़यां, सौर उपकरण शामिल हैं।
DELHI HARYANA
समझौते के बाद गुर्जर आंदोलन खत्म
राजस्थान की सरकारी नौकरियों में 5 % रिजर्वेशन को लेकर आंदोलन कर रहे गुर्जरों और प्रदेश सरकार के बीच समझौता हो गया । इसके बाद गुर्जर आंदोलनकारियों के नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने 17 दिनों से चल रहे आंदोलन को खत्म करने की घोषणा कर दी। राजस्थान गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष बैंसला और मंत्रिमंडल समिति के अध्यक्ष गृह मंत्री शांति धारीवाल ने संयुक्त रूप से समझौते की घोषणा की।
हूडा ने 100 एकड़ जमीन से हटाया अतिक्रमण
हरियाणा अर्बन डिवेलपमेंट अथॉरिटी  ने नखड़ौला गांव से लगभग 100 एकड़ जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। हालांकि अभियान के शुरुआत में किसानों ने इसका विरोध किया, लेकिन भारी पुलिस बल की के चलते उनका विरोध दब गया। दरअसल, हूडा की ओर से 2 साल पहले गांव नखड़ौला की जमीन का अधिग्रहण सेक्टर 81-86 रोड निकालने को लेकर किया गया था।
फिर शुरू हुआ सीलिंग का सिलसिला

राजधानी में सीलिंग का जिन्न फिर बोतल से बाहर निकल आया । एमसीडी ने उन नोटिफाइड कमर्शल सड़कों की दुकानों को सील करना शुरू किया, जिनका मास्टर प्लान के तहत कनवर्जन चार्ज जमा नहीं कराया गया था। एमसीडी ने कहा कि अपना राजस्व बढ़ाने के लिए ये अभियान शुरू किया गया, जो आगे भी जारी रहेगा।

आईजीआई के लिए 24 x 7 एसी बसें
साइबर सिटी के लोगों के लिए इंदिरा गांधी इंटरनैशनल एयरपोर्ट जाना आसान हो गया । गुड़गांव बस अड्डे से डीटीसी की बस ने हवाई अड्डे तक पहला ट्रिप लगाया। डीटीसी सर्विस से एयरपोर्ट का सफर मात्र 45 मिनट का रह गया है। दावा किया गया कि इस सेवा से एक्सप्रेस वे और हाइवे पर बढ़ता दबाव कुछ हद तक कम होगा। इसका अधिकतम किराया महज 25 रुपये होगा।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष का इस्तीफा
हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह चट्ठा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के कुछ घंटों बाद उन्हें मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। उनका ये इस्तीफा 28जनवरी 2011 से प्रभावी हुआ।' चट्ठा हुड्डा सरकार के इसके पहले के कार्यकाल (2005-09) में कृषि मंत्री थे।
मिर्चपुर आंदोलन की आग
मिर्चपुर मामले को लेकर पिछले महीने खापों के हिसार जिले में चलाए गए सड़क व रेल रास्ता रोको आंदोलन के दौरान वन विभाग की जमीन पर खड़े पेड़ों को काटे जाने के आरोप में जिले के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में आरोपी लोगों के खिलाफ पांच और एफआईआर दर्ज हुई । खेड़ी चौपटा पुलिस चौकी में और नारनौंद पुलिस थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई हैं।
दिल्ली मंत्रिमंडल में फेरबदल,
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने अपने कैबिनेट में फेरबदल करते हुए मंगतराम सिंघल को सामाजिक कल्याण मंत्रालय से हटा दिया और विधायक रमाकान्त गोस्वामी को मंत्री के तौर पर मंत्रिमंडल में शामिल किया है। शीला दीक्षित ने तीसरी बार दिल्ली सरकार के मुखिया का पदभार संभालने के बाद पहली बार मंत्रिमंडल में फेरबदल किया ।
INTERNATIONAL
ऑस्ट्रेलिया में बाढ़ का कहर
ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड प्रांत में आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी । बाढ़ के कारण दो से ज्यादा लाख लोगों को बेघर होना पड़ा है। क्वींसलैंड में आई बाढ़ से सबसे ज्यादा मुसीबत रॉकहैम्पटन को झेलनी पड़ी है। इलाके के कई हिस्सों से संपर्क टूटा । फित्जरॉय नदी का जलस्तर बढ़ने से घरों में पानी घुस गया है। बीस कस्बे और शहर बाढ़ की चपेट में आए ।
नेपाल में झालानाथ खनल बने प्रधानमंत्री
नेपाल में सरकार गठन को लेकर सात महीने से जारी गतिरोध भी खत्म हो गया। नेपाल में नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के अध्यक्ष झालानाथ खनल को प्रधानमंत्री चुन लिया गया। सीपीएन माओवादी प्रमुख पुष्प कमल दहल उर्फ प्रचंड के आखिरी समय में खनल के समर्थन में प्रधानमंत्री की दौड़ से हटने के बाद ही उनके इस पद पर चुने जाने का रास्ता साफ हो पाया।
हुस्नी का पद छोड़ने से इनकार
मिस्र में जनता के विद्रोह की अनदेखी कर पद न छोड़ने का ऐलान करने वाले राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक के समर्थन में अब सेना भी आ गई। मुबारक के ऐलान के बाद प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए । सेना ने प्रदर्शनकारियों से अपने घरों को लौटने की अपील की, जबकि प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मुबारक के इस्तीफे से कम उन्हें कुछ मंजूर नहीं ।
ऑस्ट्रेलिया का यूरेनियम बेचने से इंकार
ऑस्ट्रेलिया सरकार ने मीडिया में आई खबरों को दरकिनार करते हुए कहा कि उसने भारत को यूरेनियम बेचने के बारे में अपनी नीति में कोई बदलाव नहीं किया है। वह अभी भी इस बात पर अडिग है कि जब तक भारत परमाणु अप्रसार संधि पर दस्तखत नहीं करता और ऑस्ट्रेलिया के साथ सुरक्षा करार नहीं करता , तब तक वह उसे यूरेनियम नहीं बेचेगा।
बेनजीर हत्या- मुशर्रफ के खिलाफ अरेस्ट वारंट
पाकिस्तान की एक अदालत ने बेनजीर भुट्टो हत्या मामले में पूर्व प्रेजिडेंट परवेज मुशर्रफ के खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया । ये वारंट रावलपिंडी के ऐंटी-टेररिजम कोर्ट ने जारी किया । दरअसल पाकिस्तान के पूर्व सैनिक तानाशाह परवेज मुशर्रफ को ये जानकारी थी कि तहरीक-ए-तालिबान का तत्कालीन प्रमुख बैतुल्ला मेहसूद पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या की साजिश रच रहा है, लेकिन उन्होंने इस सूचना को सुरक्षा एजेंसियों से छुपाए रखा।
SPORTS
राहुल का अनोखा रिकॉर्ड
पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में उतरते ही 150 टेस्ट मैच खेलने वाले दुनिया के पांचवें क्रिकेटर बन गए। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच न्यूलैंड्स में हुआ टेस्ट मैच द्रविड़ का 150वां टेस्ट था। इस तरह से वो सचिन तेंडुलकर के बाद दूसरे ऐसे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने 150 या इससे अधिक टेस्ट मैच खेले हैं।
भज्जी का डबल धमाका
हरभजन सिंह टेस्ट मैचों में 2000 रन और 300 विकेट का डबल पूरा करने वाले दुनिया के 11 वें और भारत के तीसरे क्रिकेटर बने। हरभजन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में 32 रन की संख्या छूते ही यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने डेल स्टेन की बॉल पर छक्का जमाकर अपना 2000 वां रन पूरा किया।
पूरी नहीं हुई अफ्रीकी जमीं पर सीरीज जीतने की हसरत
साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसकी धरती पर टेस्ट सीरीज जीत की भारत की हसरत पूरी नहीं हो सकी। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा और आखिरी टेस्ट ड्रॉ समाप्त हो गया। इसके साथ दोनों देशों के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुई। दोनों कप्तानों ने मैच का कोई फैसला न आता देख समय से पहले ही इसे ड्रॉ खत्म करने पर सहमति जता दी।
इंग्लैंड ने 23 साल बाद जीती एशेज
इंग्लैंड की टीम ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर इतिहास रचते हुए 23 साल बाद टेस्ट सीरीज जीतने में कामयाबी हासिल की है। इंग्लैंड ने आखिरी टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया को पारी और 83 रनों से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरी पारी में 281 रन बनाकर सिमट गई।
खिलाड़ियों की सजी मंडी
भारत के सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर लगभग 11.04 करोड़ रुपये के साथ आईपीएल के सबसे महंगे क्रिकेटर बन गए । आईपीएल सीजन 4 की नीलामी के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों की खूब मांग रही और गंभीर के अलावा तीन अन्य क्रिकेटर 20 लाख डॉलर के बैरियर को छूने में सफल रहे। वहीं दादा यानी गांगुली को कोई खरीददार नहीं मिला
वर्ल्ड कप ट्रॉफी भारत पहुंची
वर्ल्ड कप क्रिकेट की ट्रॉफी भारत पहुंची । वर्ल्ड कप की ट्रॉफी बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में आयोजित विशेष कार्यक्रम में आईसीसी के अध्यक्ष शरद पवार और टूर्नामेंट के डायरेक्टर प्रोफेसर रत्नाकर शेट्टी ने सीईओ हारुन लोर्गट से ट्रॉफी स्वीकार की। इस मौके पर एक्सचेंज में विशेष घंटा बजाकर वर्ल्ड कप के काउंट डाउन की शुरुआत भी की गई।
अफ्रीकी सरजमीं पर वनडे सीरीज जीतने का सपना टूटा
अफ्रीकी सरजमीं पर 19 साल बाद वनडे सीरीज जीतने का भारत का सपना टूट गया। यूसुफ पठान की धुआंधार सेंचुरी के बावजूद टीम इंडिया पांचवें और अंतिम वन डे क्रिकेट मैच में जीत दर्ज नहीं कर सकी। साउथ अफ्रीका ने पांच वन डे मैचों की सीरीज में 3-2 की दर्ज की है। मैन ऑफ द सीरीज रहे तेज गेंदबाज मॉर्नी मॉर्केल
सचिन को इंडियन क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को आईसीसी के सालाना अवॉर्ड्स में इंडियन क्रिकेटर ऑफ द ईयर के सम्मान से नवाजा गया...वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने के ईनाम के रूप में मास्टर को ये सम्मान दिया गया..
क्रिकेट वर्ल्ड कप की रंगारंग शुरुआत
भारतीय सरजमीं पर क्रिकेट वर्ल्ड कप का उद्घाटन कार्यक्रम था..जिसकी शुराआत बेहद शानदार रही...बेहतरीन नजारों से स्टेडियम सज गया था...हर किसी टीम के खिलाड़ी मैदान में मौजूद होकर दर्शकों का अभिवादनम स्वीकार कर रहे थे 
पहले मैच में भारत की धमाकेदार जीत
वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में भारत ने बांग्लादेश पर धमाकेदार जीत दर्ज की। भारत ने पहले बैटिंग करके 370 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में बांग्लादेश 283 रन ही बना सका। मैच के  हीरो वीरेंद्र सहवाग रहे, जिन्होने 175 रनों की पारी खेल वन डे में अपना सर्वाधिक निजी स्कोर बनाया
भारत और इंग्लैंड के बीच मैच टाई
वर्ल्ड कप में पने दूसरे मुकाबले में बारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच रोमांचक मैच टाई रहा ...सचिन तेंदुलकर ने शतक जड़ा लेकिन सके बावजूद मैच आखिरी गेंद तक खिंच गया...और मैच टाई रहा
BUSS, ENTERTAINMENT
भारत पहुंचा आई पैड
सबसे ज्यादा तेजी से बिकने वाला गैजट आई पैड भारत आ गया । ऐपल की इस टैब्लेट डिवाइस की बिक्री भारत में आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई। वॉरंटी के साथ इसे देश में ही खरीदने का रास्ता खुल गया । पहले ही दिन लोगों ने इसे हाथों हाथ लिया।
श्वेता तिवारी बनीं बिग बॉस
चर्चित टीवी ऐक्ट्रेस श्वेता तिवारी ने डब्ल्यूडब्ल्यूई स्टार ग्रेट खली को हराकर बिग बॉस सीजन -4 में जीत दर्ज की। कलर्स चैनल पर टेलिकास्ट हुए बिग बॉस के चौथे सीजन में विजेता बनी श्वेता , इस रिऐलिटी शो की पहली महिला विजेता हैं। इनाम के तौर पर उन्हें एक करोड़ रुपये मिले। कुल 14 हफ्ते तक बिग बॉस के घर में बनी रहीं श्वेता का आखिर में मुकाबला डॉली बिंद्रा , अश्मित पटेल और ग्रेट खली से था।
आखिरकार अलग हुए जॉन-बिपाशा
साल भर की सबसे हॉट जोड़ी जॉन अब्राहम और बिपाशा बसु आखिरकार एक दूसरे अलग हो गए ...पिछले सात सालों से ये जोड़ी एक दूसरे के साथ थी
पीपली लाइव ऑस्कर की दौड़ से बाहर हुई
आमिर खान की 'पीपली लाइव' ऑस्कर अवॉर्ड्स की दौड़ से बाहर हो गई । भारत की ओर से इस फिल्म को ऑस्कर के लिए नॉमिनेट किया गया था। आमिर खान निर्देशित यह फिल्म 83वें अकैडमी पुरस्कार की विदेशी भाषा फिल्म श्रेणी के लिए चुनी गई नौ फिल्मों में शामिल नहीं हो पाई। इस साल इस श्रेणी में 65 देशों से फिल्में आई थीं।
कटरीना और प्रियंका के घर इनकम टैक्स का छापा
बॉलिवुड ऐक्ट्रेस कटरीना कैफ और प्रियंका चोपड़ा के घरों पर सोमवार सुबह इनकम टैक्स अधिकारियों ने छापे मारे। रिपोर्ट्स के मुताबिक इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों कटरीना और प्रियंका चोपड़ा के घर पर सोमवार सुबह करीब 7.30 बजे छापे मारे। सूत्रों के मुताबिक दोनों ऐक्ट्रेसेज ने इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करते समय गलत जानकारी दी थी और वास्तविक इनकम के बारे में भी उचित जानकारी नहीं दी।
राहत फतेह अली खान हिरासत में लिए गए
जाने-माने पाकिस्तानी सिंगर राहत फतेह अली खान को इंदिरा गांधी इंटरनैशनल एयरपोर्ट पर रेवेन्यू इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया। भारी मात्रा में अघोषित विदेशी मुद्रा साथ लाने के आरोप में अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं। बॉलीवुड की कई फिल्मों के लिए सुपरहिट गाने गा चुके राहत कराची से वहां पहुंचे थे।
रहमान को मिला क्रिस्टल अवॉर्ड
मशहूर भारतीय संगीतकार ए. आर. रहमान को यहां वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक के उद्घाटन समारोह में क्रिस्टल अवॉर्ड से नवाजा गया। इस मौके पर सरकार, कला, संस्कृति और धर्म से जुड़े 2500 प्रतिनिधि मौजूद थे, जिसमें रूस के राष्ट्रपति भी शामिल थे। 44 वर्षीय रहमान ने डब्लूईएफ की ओर से सालाना दिया जाने वाला यह पुरस्कार ग्रहण किया।
फिल्मफेयर अवॉर्ड दबंग की दबंगई
सितारों से सजी शाम में करण जौहर की फिल्म 'माई नेम इज खान' का जलवा रहा। इसने बेस्ट ऐक्टर शाहरुख खान, बेस्ट डायरेक्टर करण जौहर और बेस्ट एक्ट्रेस काजोल समेत तीनों अवॉर्ड अपने नाम कर लिए। वहीं फिल्मफेयर अवॉर्ड का ये साल कम बजट की फिल्मों के नाम भी रहा। बेस्ट साउंड डिजाइन, बैकग्राउंड स्कोर, सिनेमैटोग्राफी, स्क्रीनप्ले, स्टोरी, क्रिटिक्स मूवी और सपोर्टिंग ऐक्टर सहित सात फिल्मफेयर जीतकर यह फिल्म लोगों में चर्चा का विषय बनी।

Monday, 12 December 2011

इस गांव में 65 साल से छोटा कोई नहीं

ओलमेडा डे ला कास्टा स्पेन में एक ऐसा गांव है जहां 65 साल से छोटा कोई भी व्यक्ति नहीं है। इस गांव में आखिरी बार 40 साल पहले एक बच्चे का जन्म हुआ था। यहां के निवासियों की औसत आयु 70 साल के करीब है। स्पेन का ये छोटा गांव ओलमेडा डे ला कास्टा विलुप्ति के कगार पर पड़ा है। इस गांव के निवासी स्पेन के सबसे पुराने निवासियों में आते हैं।
हालात ये है कि गांव में जमीन की कीमत नीलामी में 1700 पाउंड (करीब एक लाख 1900 रुपए) आंकी गई।
गांव में मात्र 15 परमानेंट निवासी रहते हैं। इनमें भी 65 साल का सबसे कम उम्र का है। मैड्रिड के कास्टीला ला मांचा से करीब 100 मील ईस्ट में सूखे से इलाके में बसा ये गांव स्पेन के सबसे पुराने गांव के रूप में दर्ज है।
1973 में गांव का स्कूल बंद कर दिया गया। पिछले चार दशकों में गांव की आबादी में काफी गिरावट आई है। खाली पड़े गांव के दर्जनों मकान ढह गए तो कई ढहने के कगार पर हैं। जो लोग बाहर काम धंधे पर चले गए उन्होंने भी अपने परिवार के लोगों को धीरे-धीरे अपने पास बुलाना ही मुनासिब समझा।

Saturday, 27 August 2011

अन्ना फॉरेन मीडिया



अन्ना का नाम अब सात समंदर पार भी किसी तअर्रुफ का मोहताज नहीं रहा, बल्कि देशी मीडिया की तरह विदेशी मीडिया में भी इस नए जननायक की खासी चर्चा है-
केवल देश भर के मीडिया में ही नहीं, विदेशी मीडिया में भी अन्ना अन्ना ही गूंज रहा है, सारी दुनिया में इस अहिंसक क्रांति की चर्चा जोरों पर है । मशहूर टाइम मैगजीन ने लिखा है कि अन्ना के साथ खड़े लोग उनके हार्डकोर कार्यकर्ता नहीं बल्कि आम भारतीय हैं, जो अपना अपना काम छोड़कर इस मुहिम में कूद पड़े हैं, वो केवल भ्रष्टाचार से ही नहीं बल्कि सरकार के रवैये से भी नाराज हैं, क्योंकि सरकार तो भ्रष्टाचार से लड़ाई पहले ही हार चुकी है। पाकिस्तान के लीडिंग अखबार डॉन के मुताबिक इस आंदोलन ने भारतवासियों की जिंदगी बदल दी है उन्हें जीने का नया मकसद मिल गया है, और आने वाले कुछ दिन भारत के लिए काफी अहम साबित होने वाले हैं। द टेलीग्राफ कहता है कि गांधी टोपी की मांग ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इसे पहनने वाले नए गांधी के खिताब से नवाजे जा रहे हैं। बैंकाक पोस्ट के मुताबिक थाईलैंड में भी आंदोलन की गूंज है, अखबार का कहना है कि इस मुहिम के क्या परिमाम होंगे अभी कहना मुश्किल है पर इतना तो तय है कि सरकार इससे जरूर हिल गई है, इसी तरह सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड इस आंदोलन को आधुनिक भारत का सबसे बड़ा आंदोलन करार देते हुए कहता है कि अन्ना हजारे तेजी से बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन का चेहरा बन गए हैं ये कांग्रेस के लिए खतरे की घंटी हो सकती है।
मतलब ये कि जननायक बन कर उभरे अन्ना सिर्फ भारत में ही लोकप्रिय नहीं हो रहे, बल्कि सात समंदर पार भी इनके प्रशंसकों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है, और अन्ना का नाम दुनिया की उन कुछ गिनी चुनी हस्तियों में शुमार हो चुका है जिन्होंने संसार को एक नई दिशा देने का काम किया है।

अन्ना की आंधी


          कौन कहता है कि आकाश में सूराख नहीं हो सकता
               एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारो
दुष्यंत कुमार की ये पंक्तियां जैसे आज चरितार्थ हो चली हैं
   अभी हाल की ही बात है जबकि देश भ्रष्टाचार से लड़ते लड़ते निराश हो चुका था, लोग कहने लगे थे कि इस बीमारी का अब इलाज नहीं हो सकता, यहां तक कि लोग इसे स्वीकार करने की भी बात करने लगे थे लोगों का ये भी कहना था कि घूस को क्यों न सुविधा शुल्क का नाम दे दिया जाय, इतना ही समाज को अरबों के घोटालों पर अब अचंभा होना तक बंद हो गया था, तभी निराशा के इसी अंधेरे के बीच से फूटी आशा की एक किरण, फलक पर उभरा एक बुजुर्ग का चेहरा, समाधान और विश्वास की एक जीवंत प्रतिमा, और चल पड़ा कारवां उसकी एक आवाज पर हिल गई अड़ियल सत्ता और लोगों ने लगा दी जान की बाजी       सवाल है कि आखिर इस बुजुर्ग की आवाज में ऐसा कौन सा जादू है कि सारा देश उसकी तरफ खिंचा चला आ रहा है, आखिर वो कौन सी ताकत है कि जिसके आगे सारी ताकतें नतमस्तक होने पर मजबूर हैं, वो ताकत है करनी कथनी के अभेद की, वो ताकत है सच्चाई की, वो ताकत है संवेदना की
अन्ना खुद कहते हैं कि एक दाने को तो त्याग करना ही पड़ता है तभी सैकड़ों दानों वाला भुट्टा पैदा होता है , हुआ भी यही, आशा की एक किरण उठी और देखते ही देखते बदल गई परिवर्तन के दमकते सूरज में, उठ खड़ा हुआ सारा देश
बह चली वो बयार वो आंधी जो जहां से गुजरी हजूम के हुजूम, काफिले के काफिले अपने साथ लेती चली गई
शायद इसी मिसाल के लिए मजरूह सुल्तानपुरी ने कभी लिखा था-
मैं अकेला ही चला था जानिब ए मंजिल मगर
लोग साथ आते गए और कारवां बनता गया... ०००००००००००००००००००००००००००००००००००००००००००००००००००००००००००००००

गांघीगीरी की नई मिसाल


धरती प्यार की, सहकार की, और अहिंसा की, धरती जिसने दुनिया को केवल शून्य की सौगात ही नहीं सौंपी बल्कि सौंपा निहत्थे होने का हथियार जिसने पूरी दुनिया में एक बार फिर अपना परचम लहराया। इतिहास गवाह है फ्रांस और रूस की क्रांति का, इतिहास गवाह है इटली और आयरलैंड के स्वाधीनता संग्राम का, इतिहास गवाह है बीसवीं सदी के तीसरी दुनिया के सबसे बड़े माओ विद्रोह का लेकिन ये सारी क्रांतियां एक तरफ और भारत की बात एक तरफ।  दुनिया में हुई अब तक एक भी ऐसी क्रांति नहीं जो हथियारबंद लोगों से बिना हथियारों के ही लड़ी गई हो और जीती गई

ये तो हुई गुजरे हुए कल की बात लेकिन आज की दुनिया भी इस वक्त एक ऐसी ही मिसाल की साक्षी है जिस पर हर पल सबकी नजरें लगी हुई हैं। दुनिया के सामने आज एक तरफ सीरिया, मिस्र और लीबिया जैसे खूनी विद्रोह हैं तो दूसरी तरफ हिंदुस्तान की नजीर जहां लाखों लोग हाथों में हथियारों की जगह बैनर, पोस्टर, तिरंगे और रौशनी के काफिले सजाए अपनी बात बुलंद कर रहे हैं,और इन सब में सबसे खास बात ये है कि इन क्रांतिवीरों में सबसे बड़ी संख्या में वही युवा शामिल हैं जो जोश के चक्कर में होश गवां बैठने के लिए अक्सर बदनाम किए जाते हैं लेकिन मजाल क्या कि किसी ने भी संयम तोड़ने की बात भी सोची हो। साफ है कि अगर नेतृत्व की अपील में ताकत हो तो, दिशा हो, और मिसाल बनने की काबलियत हो तो किसी भी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में मोड़ा जा सकता है। चिंगारियों से घर जलाने के बजाय घर को रौशन भी किया जा सकता है, और गांधी के बाद दूसरे गांधी के भी इसी प्रयोग पर आज सारी दुनिया की निगाहें लगी हैं, साथ ही छिड़ गई है फिर नई बहस कि क्या प्रेम की क्रांति ही दुनिया की भावी क्रांतियों की एक मात्र अगुआ होगी, जाहिर है जननायक अन्ना के जरिये भारत ने फिर से ऐसी ही अगुआई कर दुनिया की राह आसान कर दी है

Friday, 26 August 2011

सरकारी लोकपाल और जनलोकपाल



क्या प्रधानमंत्री को लोकपाल के दायरे में लाया जाना चाहिए? 
टीम अन्ना का नजरिया
प्रधानमंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत पर लोकपाल की 7 सदस्य बेंच शिकायत की सुनवाई करेगी। अगर पहली नज़र में मामले में सुबूत सामने आते हैं तो लोकपाल इसकी जांच करेगा। अगर पहली नज़र में सुबूत नहीं मिले तो शिकायत करने वाले को सज़ा मिलेगी।
सरकार का नज़रिया
प्रधानमंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद सीबीआई इसकी जांच करेगी और गलत पाए जाने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। यहां गौर करने वाली बात है कि सीबीआई सीधे तौर पर प्रधानमंत्री के तहत आती है।

क्या निचली नौकरशाही को शामिल किया जाए? 
टीम अन्ना का नजरिया
हां, लोकसेवक माने जाने वाले सभी सरकारी अधिकारी इसके तहत आएंगे। इसमें सभी स्तरों के नौकरशाह शामिल हैं।
सरकार का नजरिया
इसके तहत सिर्फ ग्रुप ए के नौकरशाहों को शामिल किया जाए।


क्या सांसद इसके दायरे में आएंगे?
टीम अन्ना का नजरिया
हां, सदन में बोलने या वोट देने के बदले घूस का आरोप लगने पर लोकपाल की सात सदस्यीय बेंच (इसमें ज़्यादातर सदस्य न्यायपालिका से होंगे) इसकी जांच करेगी। अगर आरोप झूठा पाया गया तो शिकायत करने वाले को सज़ा। लेकिन पहली नज़र में सुबूत मिलने पर लोकपाल बेंच एफआईआर दर्ज करने की इजाजत देगी। पुलिस या सीबीआई मामले की जांच करेगी। अगर आरोप सही पाए गए तो मुकदमा चलेगा।

सरकार का नजरिया
नहीं, लोकपाल सांसदों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों की जांच नहीं करेगा। ऐसे आरोपों की जांच संसद खुद करेगी।


क्या न्यायपालिका को लोकपाल के दायरे में लाया जाना चाहिए?
टीम अन्ना का नजरिया
हां, जजों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगने पर पहली नज़र में अगर आरोप बेबुनियाद लगे और सुबूत नहीं मिले तो शिकायत करने वाले के खिलाफ सज़ा। लेकिन सात सदस्यीय लोकपाल बेंच पहली नज़र में सुबूत मिलने पर एफआईआर दर्ज करने की इजाजत देगी। पुलिस या सीबीआई मामले की जांच करेगी। अगर आरोप सही पाए गए तो मुकदमा चलेगा।  

सरकार का नज़रिया
नहीं, जज के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप की जांच को जुडिशियल अकांउटिबिलिटी बिल (जेएबी) में शामिल किए जाने का प्रस्ताव। तीन सदस्यों (दो जज और एक उसी कोर्ट का रिटायर्ड चीफ जस्टिस, जिससे उस जज का संबंध हो, जिस पर आरोप लगे हैं)  की समिति जांच करेगी। अगर  पहली नज़र में सुबूत मिलते हैं तो समिति एफआईआर दर्ज करने का आदेश देगी। लेकिन सरकार ने जेएबी का जो ड्राफ्ट तैयार किया है उसमें कहा गया कि जज के खराब बर्ताव की जांच की जा सकती है लेकिन उसके खिलाफ घूस लेने के आरोप की नहीं।

लोकायुक्त 
टीम अन्ना का नजरिया
एक ही बिल के जरिए केंद्र में लोकपाल और राज्यों में लोकायुक्त की नियुक्ति की जाए।

सरकार का नजरिया
सिर्फ केंद्र में लोकपाल। राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने लोकपाल बिल के तहत राज्यों में लोकायुक्त की नियुक्ति पर ऐतराज जताया है।

सभी सरकारी विभागों में सिटिजन चार्टर का गठन किया जाए ताकि लोगों की शिकायतों का निपटारा हो सके?  
टीम अन्ना का नज़रिया
हां, हर सरकारी विभाग का सिटिजन चार्टर हो, जिसमें यह बताया जाए कि कौन सा अधिकारी, क्या काम और कितने दिन में करेगा। अगर कोई अधिकारी ऐसा नहीं करता है तो जन शिकायत सुनने वाले अधिकारी के पास शिकायत। अगर शिकायत के बाद भी ३० दिनों में काम नहीं होता है तो लोकपाल को सूचना। लोकपाल जन शिकायत निवारण अधिकारी से जानकारी लेगा और उचित जुर्माना लगाएगा, जो संबंधित अधिकारी के वेतन से काटा जाएगा। उचित विभाग को तय समय में शिकायत दूर करने का निर्देश देगा।

सरकार का नज़रिया
इस पर सरकार के बिल में कोई प्रस्ताव नहीं है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज़ उठाने वाले की सुरक्षा
टीम अन्ना का नज़रिया
लोकपाल भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज़ उठाने वाले को  सुरक्षा मुहैया कराएगा। अगर ऐसे लोग परेशान किए जाने की शिकायत करते हैं, तो तेजी से मामले की सुनवाई।
सरकार का नज़रिया
ऐसे लोगों को एक अलग कानून बनाकर सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।
झूठी शिकायत
टीम अन्ना
जेल की सज़ा नहीं। सिर्फ आर्थिक जुर्माना। शिकायत कैसी है, इसका फैसला लोकपाल करेगा।
सरकारी लोकपाल
२ से ५ साल की सज़ा। जिस पर आरोप लगा है, वह आरोप लगाने वाले पर विशेष कोर्ट में शिकायत कर सकता है। ऐसे मामलों में सरकार वकील मुहैया कराएगी। मूल शिकायतकर्ता को देना होगा जुर्माना।
भ्रष्ट अफसरों की बर्खास्तगी
टीम अन्ना
जांच पूरी हो। कोर्ट में मामला दर्ज होगा। लोकपाल की एक बेंच इस बारे में सुनवाई करेगी और फैसला करेगी कि संबंधित अधिकारी को हटाना है या नहीं।
सरकारी राय
संबंधित मंत्रालय के मंत्री इस का फैसला करेंगे कि भ्रष्ट अधिकारी को हटाना है या नहीं।
भ्रष्टाचार की सज़ा  
टीम अन्ना
अधिकतम सज़ा उम्रकैद। अधिकारी का स्तर जितना ऊपर होगा, सज़ा उतनी ही ज़्यादा होगी। अगर जिस पर आरोप लगा है, वह औद्योगिक घराने से जुड़ा है, तो जुर्माना ज़्यादा होगा। साथ ही उस औद्योगिक घराने को काली सूची में डाला जाएगा।
सरकार का पक्ष
अधिकतम सज़ा की सीमा १० साल। अन्य किसी भी बिंदु पर सहमति नहीं।
किसी भी मामले में आगे होने वाले भ्रष्टाचार के केस
टीम अन्ना
किसी भी मामले में आगे होने वाले घोटाले की जानकारी अगर लोकपाल के संज्ञान में लाए जाने पर वह सरकार को सिफारिशें करेगा। अगर सरकार सिफारिशें नहीं सुनती है तो लोकपाल हाई कोर्ट में अपील करेगा और जरूरी आदेश हासिल करेगा।
सरकारी नज़रिया
लोकपाल के पास ऐसी कोई शक्ति नहीं होगी।
क्या सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधी शाखा को लोकपाल में मिला दिया जाए?
टीम अन्ना की राय
हां, सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधी शाखा को पूरी तरह से स्वतंत्र किया जाए। यह लोकपाल की जांच टीम के तौर पर काम करेगी।
सरकारी नज़रिया
नहीं, सीबीआई केंद्र सरकार के तहत काम करेगा। सीबीआई भ्रष्टाचार से जुड़े मामले की जांच के लिए सरकार से इजाजत लेगी। अगर सुबूत पाए भी जाते हैं तो भी सरकार की इजाजत के बिना कोर्ट में मामला नहीं पेश किया जा सकता है।
लोकपाल किसको जवाबदेह होगा?
टीम अन्ना का नज़रिया
लोकपाल लोगों के प्रति जवाबदेह होगा। कोई भी व्यक्ति सुप्रीम कोर्ट में लोकपाल के किसी सदस्य के खिलाफ शिकायत कर सकता है उसे हटाने की मांग कर सकता है।
सरकार का नज़रिया
लोकपाल सरकार के प्रति जवाबदेह होगा। केवल सरकार ही लोकपाल को हटा सकती है।
लोकपाल के सदस्यों का चुनाव
टीम अन्ना का नज़रिया
चुनाव समिति में चार जज,  दो नेता और दो नौकरशाह शामिल होंगे। संवैधानिक पदों से रिटायर हुए सदस्यों वाली स्वतंत्र समिति पहली सूची तैयार करेगी। पारदर्शी चयन प्रक्रिया।
सरकार का नजरिया
चयन समिति में पांच नेता, दो जजों के अलावा सरकार की तरफ नियुक्त एक सम्मानित शख्स। यह समिति एक सर्च कमेटी बनाएगी। कोई चयन प्रक्रिया नहीं। सब कुछ चयन समिति पर निर्भर।
लोकपाल स्टाफ की निष्ठा
टीम अन्ना की राय
लोकपाल स्टाफ के खिलाफ शिकायत होने पर स्वतंत्र एजेंसी से जन सुनवाई। अगर शिकायत सही पाई जाती है तो यह अथॉरिटी मुकदमा चलाने की अनुमति देगी जो हाई कोर्ट के न्यायिक दायरे के तहत आएगा।
सरकारी राय
लोकपाल स्टाफ के खिलाफ शिकायत होने पर लोकपाल खुद इसकी जांच करेगा। अगर शिकायत सही पाई जाती है तो मुकदमा चलाने की इजाजत।
वित्तीय स्वतंत्रता
टीम अन्ना का नजरिया
देश के सरकारी खजाने से लोकपाल को फंड मिलेगा। फंड कितना होगा, इसका फैसला लोकपाल के सदस्य करेंगे (यह किसी भी स्थिति में कुल राजस्व के ०.२५ फीसदी से ज़्यादा नहीं होगा)।
सरकारी राय
लोकपाल को सरकारी खजाने से फंड मिलेगा। लेकिन फंड कितना होगा, इसका फैसला वित्त मंत्रालय करेगा।
शक्तियों का बंटवारा
टीम अन्ना की राय
लोकपाल सिर्फ वरिष्ठ नेताओं, नौकरशाहों या उन मामलों की जांच करेगा जिनमें बड़ी राशियां शामिल हैं।
सरकार की राय
सारे काम लोकपाल समिति के नौ सदस्य ही करेंगे।
हाई कोर्ट में विशेष बेंच
टीम अन्ना की राय
हाई कोर्ट विशेष बेंच का गठन करेगा ताकि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की तेजी से सुनवाई हो सके।
सरकारी लोकपाल
ऐसा कोई प्रावधान नहीं है।
सीआरपीसी में बदलाव
टीम अन्ना की राय
अदालतों में भ्रष्टाचार निरोधी मामले काफी समय लेते हैं, जिसकी वजह से एजेंसियां केस हार जाती है। इसलिए सीआरपीसी में बदलाव की सिफारिशें।
सरकारी राय
ऐसा कोई प्रावधान नहीं है।
फोन टैपिंग
टीम अन्ना की राय
लोकपाल की बेंच इसके लिए अनुमति देगी।
सरकारी राय
गृह सचिव इसके लिए इजाजत देगा।
एनजीओ
टीम अन्ना की राय
केवल सरकारी ग्रांट पाने वाले एनजीओ इसके दायरे में आएंगे।
सरकारी राय
बड़े-छोटे सभी संगठन इसके दायरे में आएंगे चाहे वे रजिस्टर्ड हों या नहीं।

Monday, 22 August 2011

लोग मेरे गांव के

ले मशालें चल पड़े हैं लोग मेरे गांव के
अब अँधेरा जीत लेंगे लोग मेरे गांव के

कह रही है झोपड़ी और पूछते हैं खेत भी
कब तलक लुटते रहेंगे लोग मेरे गांव के

बिन लड़े कुछ भी नहीं मिलता यहाँ ये जानकर
अब लड़ाई लड़ रहे है लोग मेरे गांव के

चीखती है हर रुकावट ठोकरों की मार से
बेड़िया खनका रहे हैं लोग मेरे गांव के

लाल सूरज अब उगेगा देश के हर गांव में
अब इकटठे हो रहे हैं लोग मेरे गांव के

कफ़न बाँधे हैं सिरों पर हाथ में तलवार है
ढूँढने निकले हैं दुश्मन लोग मेरे गांव के

दे रहे हैं देख लो अब वो सदा-ए-इंक़लाब
हाथ में परचम लिए हैं लोग मेरे गांव के

एकता से बल मिला है झोपडी की साँस को
आँधियों से लड़ रहे हैं लोग मेरे गांव के

देख ‘बल्ली’ जो सुबह फीकी दिखे है आजकल
लाल रंग उसमें भरेंगे लोग मेरे गांव के

ले मशालें चल पड़े हैं लोग मेरे गांव के
अब अँधेरा जीत लेंगे लोग मेरे गांव के

लो मशालों को जगा डाला किसी ने। आग बेवजह कभी घर से निकलती ही नहीं है। 
टोलियां जत्‍थे बना कर चीख यूं चलती नहीं है। रात को भी देखने दो आज तुम सूरज के जलवे। 
तब तपेगी ईंट तभी होश में आएंगे तलवे। तोड़ डाला मौन का ताला किसी ने। 
लो मशालों को जगा डाला किसी ने। भोले थे अब कर दिया भाला किसी ने।